पानी आपूर्ति बाधित, बूंद-बूंद को तरसी जनता: विधायक के नेतृत्व में कांग्रेस का हल्लाबोल, निगम कार्यालय का घेराव
जबलपुर। पूर्व क्षेत्र के दर्जनों वार्डों में पिछले एक महीने से जारी पानी के गंभीर संकट को लेकर आज जन-आक्रोश फूट पड़ा। पूर्व मंत्री व विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पीड़ित क्षेत्रीय महिलाओं और पुरुषों ने कांचघर से चांदमारी तलैया तक पैदल मार्च निकाला। क्षेत्र में हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोगों को दूर-दूर से पानी ढोने पर मजबूर होना पड़ रहा है, जबकि अधिकारी फोन पर सिर्फ टैंकर भेजने का खोखला आश्वासन दे रहे हैं।
इसी बदहाली के खिलाफ भारी संख्या में आक्रोशित जनता चांदमारी स्थित नगर निगम जोन कार्यालय पहुंची और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान गुस्साए कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ तीखी झड़प और झूमाझटकी भी हुई, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और पार्षद जितेंद्र सिंह ठाकुर ने महापौर व निगम प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि क्षेत्र में पानी तो दूर, सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह ठप है। जगह-जगह बजबजाती नालियां और कचरे के ढेर बीमारी को न्योता दे रहे हैं, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। कांग्रेस ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति सामान्य नहीं हुई और बुनियादी समस्याओं का हल नहीं निकला, तो इससे भी बड़ा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
