लाखों का सामान पार, भेड़ाघाट थाना पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप
जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के खैरी गांव में अज्ञात चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर जब वह भेड़ाघाट थाने पहुंचा तो पुलिस ने मामला दर्ज करने के बजाय उसे यह कहकर लौटा दिया कि यह कोई ऐसा मामला नहीं है जिस पर रिपोर्ट लिखी जाए। पुलिस के इस रवैये से नाराज पीड़ित ने सोशल मीडिया पर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार धनवंतरी नगर निवासी **रामलाल तिवारी**, जो बजरंग दल के सक्रिय कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं, का पैतृक मकान भेड़ाघाट क्षेत्र के खैरी गांव में स्थित है। मकान में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने निर्माण स्थल को निशाना बनाते हुए वहां रखे लोहे के पाइप, सरिया, रॉड और अन्य निर्माण सामग्री चोरी कर ली।
पीड़ित रामलाल तिवारी का कहना है कि चोरी की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल भेड़ाघाट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। आरोप है कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया और उन्हें बिना कार्रवाई के वापस भेज दिया।
सोशल मीडिया पर उठाई आवाज
थाने में सुनवाई नहीं होने से आहत रामलाल तिवारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा सार्वजनिक की। उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी जैसी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस ने न तो शिकायत दर्ज की और न ही मौके का निरीक्षण करने की जरूरत समझी। सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चोरी की घटनाओं में भी पुलिस शिकायत दर्ज करने से बचती है तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित की शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
