गोराबाजार में दहशत की रात: पहले दूल्हे को घेरा, फिर दुल्हन के घर हमला!

जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र में शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार ने दहशत, हमला और पुलिस की निष्क्रियता के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि पहले होने वाले दूल्हे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई और कुछ ही घंटों बाद 30 से 40 लोगों की भीड़ ने युवती के घर पर धावा बोल दिया। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए।

फोन पर बुलाया, फिर घात लगाकर हमला करने का आरोप

शिकायतकर्ता रोशन आरा के अनुसार, 12 जुलाई की रात उनके भाई को फोन कर पहले उसका ठिकाना पूछा गया। आरोप है कि इसके बाद कटंगा टी.वी. टॉवर के पास आदित्य बैन और उसके साथियों ने धारदार हथियार से उस पर हमला करने की कोशिश की। पीड़ित परिवार का दावा है कि आरोपी लंबे समय से दूल्हे की मंगेतर को परेशान कर रहा था और उस पर अवांछित संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।

रात में घर पर धावा, महिलाओं से मारपीट का आरोप

परिवार का आरोप है कि हमले के कुछ समय बाद देर रात 30-40 लोगों की भीड़ युवती के घर पहुंच गई। उस समय घर के पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे। शिकायत के अनुसार, भीड़ ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की, मारपीट की और घर में आग लगाने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने वाली महिलाओं को भी कथित तौर पर धक्का देकर गिरा दिया गया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि पूरी घटना के वीडियो और फोटो उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को उपलब्ध कराया जा सकता है।

गोराबाजार पुलिस पर निष्क्रियता के आरोप

परिवार ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना और शिकायत के बावजूद गोराबाजार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो बाद की घटनाओं को रोका जा सकता था।

SP कार्यालय पहुंचा परिवार

पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आदित्य बैन एवं उसके साथियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही परिवार ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई।

DSP ने दिया जांच का भरोसा

मामले में डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share This Article
Translate »