बेलखाडू। जबलपुर-कटंगी मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि कार में सवार लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार दमोह निवासी डॉक्टर अंगी रथ साहू मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे कार क्रमांक एमपी-20-सीसी-5596 से जबलपुर की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार झगरा रिंग रोड के पास पहुंची, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे नाले में जाकर पलट गया।
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलने पर बेलखाडू चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची।
बेलखाडू चौकी प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है। दुर्घटना के बाद क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को नाले से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने घटना की जानकारी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
