उखरी रोड पर पार्किंग का आतंक: अस्पतालों के वाहन बने रहवासियों की मुसीबत

जबलपुर। शहर के उखरी रोड स्थित निजी अस्पतालों के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था अब स्थानीय रहवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। क्षेत्र के निवासियों ने आरोप लगाया है कि कई निजी अस्पतालों में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण डॉक्टर, कर्मचारी और मरीज अपने वाहन आसपास की आवासीय कॉलोनियों तथा लोगों के घरों के सामने खड़े कर देते हैं, जिससे आम नागरिकों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। लोगों के अनुसार अस्पताल आने वाले वाहन चालक घंटों और कई बार पूरी रात तक वाहन सड़क किनारे या मकानों के सामने खड़े छोड़ देते हैं, जिससे घरों में रहने वाले लोगों को अपने वाहन निकालने और पार्क करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

एक रहवासी ने शिकायत में बताया कि वाहन क्रमांक MP20 ZU 0634 दोपहर से लेकर पूरी रात उनके घर के सामने खड़ा रहा, जिसके कारण वे अपनी गाड़ी घर के अंदर नहीं रख पाए। अगले दिन भी वही वाहन घर के सामने खड़ा कर दिया गया। वाहन हटाने के लिए कहने के बावजूद चालक द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।

रहवासियों का आरोप है कि विशेष रूप से समर्थ श्री अस्पताल एवं गैलेक्सी हॉस्पिटल के आसपास यह समस्या अधिक देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन को कई बार मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन से मांग की है कि अस्पतालों की पार्किंग व्यवस्था की जांच कराई जाए तथा सड़क और मकानों के सामने अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो क्षेत्र में यातायात अव्यवस्था और बढ़ सकती है।

 

Share This Article
Translate »