जबलपुर। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर एसोसिएशन की जबलपुर कार्यकारिणी की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान और पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में सबसे पहले सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक पेंशनरों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया। इसके साथ ही आगामी जुलाई माह में प्रस्तावित जिला कार्यकारिणी के निर्वाचन को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से श्री जी.पी. विश्वकर्मा को जिला निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया। उन्हें चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में धारा 49(6) समाप्त करने, जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता पेंशनरों को प्रदान करने तथा अन्य लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल की जानी चाहिए।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक पेंशनर एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष राजकुमार दुबे, किशोर सिंह यादव, के.एस. ठाकुर, शिवकुमार तिवारी, इन्द्र कुमार शर्मा, महेंद्र सिंह, विनय तिवारी, जी.पी. विश्वकर्मा, भाव सिंह साहू, रामचरण सेन सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।
