अपराधियों की खैर नहीं: एसपी सम्पत उपाध्याय का अल्टीमेटम, फरार बदमाशों को पकड़ो या जवाब दो”

जबलपुर। जिले में बढ़ते अपराधों, लंबित मामलों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक लेकर थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए। बैठक में गंभीर अपराधों, महिला संबंधी मामलों, साइबर फ्रॉड, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और फरार वारंटियों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

एसपी ने स्पष्ट कहा कि हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, नकबजनी, एससी-एसटी एक्ट और महिला अपराधों के लंबित मामलों में तेजी लाते हुए जल्द से जल्द विवेचना पूरी कर चालान पेश किए जाएं। उन्होंने महिला अपराधों में संवेदनशीलता बरतते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गुम बच्चों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक में धारा 363 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के अंतर्गत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने कहा कि अपहृत और गुमशुदा नाबालिग बच्चों की दस्तयाबी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। यदि बच्चे जिले के बाहर होने की जानकारी मिले तो तत्काल विशेष टीम गठित कर रवाना किया जाए।

फरार आरोपी और साइबर अपराधियों पर फोकस

एसपी सम्पत उपाध्याय ने साइबर फ्रॉड, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के बाहर छिपे आरोपियों और वारंटियों की तलाश कर विशेष टीमें भेजी जाएं और गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई शिकायतों पर सख्ती

बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।

शाम को पैदल गश्त, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे शाम के समय बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त करें। सड़क और बाजारों में आवागमन बाधित करने वाले अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित कर प्रशासन एवं नगर निगम के सहयोग से हटाने की कार्रवाई की जाए।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए एसपी ने विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Translate »