भाजपा नेता के घर बमबाजी मामले में दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के पुराने शोभापुर में भाजपा नेता के घर और एक शराब दुकान पर हुई बमबाजी की सनसनीखेज घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि घटना के मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार 28 मई को पुराने शोभापुर निवासी भाजपा नेता बंटी रजक तथा भाजपा पार्षद प्रत्याशी रह चुकीं संगीता रजक के घर पर अज्ञात बदमाशों ने बम फेंके थे। इसी दौरान क्षेत्र की एक शराब दुकान को भी निशाना बनाया गया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अमर खरे और सोनू उर्फ विजय पटेल, दोनों निवासी संजय नगर, को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और जांच में सामने आया कि घटना के मुख्य आरोपी पवन रजक और प्रवीण रजक ने दोनों आरोपियों को संजय नगर से बुलाया था तथा बमबाजी की वारदात को अंजाम देने में इनका सहयोग लिया गया था।

पुलिस के अनुसार घटना के समय गिरफ्तार आरोपी एक वाहन में सवार होकर मुख्य आरोपियों के साथ मौजूद थे और पूरी साजिश में उनकी भूमिका सामने आई है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक एक्सेस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी पवन रजक, प्रवीण रजक और देवू अन्ना अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात के पीछे की असली वजह क्या थी तथा इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।

 

Share This Article
Translate »