भाजपा नेत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, अपनी ही पिस्टल से लगी गोली

घर के बाहर विवाद और शोर-शराबे के बीच सुरक्षा के लिए निकली थीं, पेट में गोली लगने से अस्पताल में तोड़ा दम

जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के न्यू शोभापुर में गुरुवार को एक दुखद हादसे में भारतीय जनता पार्टी की स्थानीय महिला नेत्री संगीता रजक की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो सीधे उनके पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

जानकारी के मुताबिक न्यू शोभापुर क्षेत्र में देर रात किसी बात को लेकर विवाद और शोर-शराबा हो रहा था। घर के बाहर हो रहे हंगामे की आवाज सुनकर संगीता रजक अपने पति बंटी रजक के साथ स्थिति देखने के लिए बाहर निकली थीं। बताया जा रहा है कि सुरक्षा की दृष्टि से उनके हाथ में लाइसेंसी पिस्टल भी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाहर अफरा-तफरी और तनावपूर्ण माहौल के बीच अचानक पिस्टल का ट्रिगर दब गया। इससे गोली चल गई और सीधे संगीता रजक के पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिवार के सदस्य और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पिस्टल को जब्त कर लिया है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है।

इस हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने अस्पताल तथा मृतका के निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। संगीता रजक क्षेत्र में सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में जानी जाती थीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के संबंध में परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आ सकेगी। फिलहाल प्रारंभिक जांच में यह एक दुर्घटनावश चली गोली का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच जारी है।

Share This Article
Translate »