टाटा मेमोरियल सेंटर में चमका जबलपुर, डॉ. संजय यादव बने गेस्ट फैकल्टी

देश के शीर्ष कैंसर संस्थान ACTREC, मुंबई में नेशनल मास्टरक्लास और लाइव सर्जरी वर्कशॉप में मिला आमंत्रण

जबलपुर। शहर के वरिष्ठ ब्रेस्ट सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट एवं थायरॉइड-एंडोक्राइन सर्जन डॉ. संजय यादव ने एक बार फिर जबलपुर और मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्हें देश के सबसे प्रतिष्ठित और अग्रणी कैंसर संस्थानों में से एक टाटा मेमोरियल सेंटर (ACTREC), मुंबई में मुख्य अतिथि फैकल्टी (Guest Faculty) के रूप में आमंत्रित किया गया।

इस अवसर पर आयोजित नेशनल मास्टरक्लास और लाइव ऑपरेटिव वर्कशॉप (Live Surgery Demonstration) में डॉ. यादव ने देशभर से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों के बीच अपनी सर्जिकल विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में देश के चुनिंदा और अग्रणी कैंसर सर्जनों को ही आमंत्रित किया गया था, जिनमें डॉ. संजय यादव की उपस्थिति जबलपुर के लिए विशेष उपलब्धि मानी जा रही है।

डॉ. यादव ने बताया कि टाटा मेमोरियल सेंटर जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थान द्वारा आमंत्रित किया जाना न केवल उनके लिए बल्कि पूरे जबलपुर और मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान प्रदेश में उपलब्ध चिकित्सा विशेषज्ञता और कैंसर उपचार की गुणवत्ता की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि देश और दुनिया में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों और नवीनतम सर्जिकल प्रक्रियाओं का लाभ जबलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी मिल सके। इसी उद्देश्य से वे लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी सहभागिता दर्ज कराते रहे हैं।

डॉ. संजय यादव ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने मरीजों, सहयोगी चिकित्सकों और शुभचिंतकों के विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों का भरोसा और समाज का सहयोग ही उन्हें बेहतर चिकित्सा सेवाएं देने के लिए प्रेरित करता है।

चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों का मानना है कि टाटा मेमोरियल सेंटर जैसे संस्थान में फैकल्टी के रूप में आमंत्रित किया जाना किसी भी सर्जन के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे न केवल चिकित्सक की विशेषज्ञता को राष्ट्रीय पहचान मिलती है, बल्कि उसके कार्यक्षेत्र और शहर की प्रतिष्ठा भी बढ़ती है। डॉ. संजय यादव की इस उपलब्धि से जबलपुर के चिकित्सा क्षेत्र को नई पहचान मिली है।

Share This Article
Translate »