जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जबलपुर महानगर की नई नगर अध्यक्ष के रूप में आतिमका सिंह की नियुक्ति के बाद संगठन के भीतर असंतोष और चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। महिला मोर्चा की कई वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने इस नियुक्ति पर सवाल खड़े करते हुए इसे “पैराशूट एंट्री” करार दिया है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष अश्विनी परांजपे राजवाड़े द्वारा आतिमका सिंह को जबलपुर महानगर महिला मोर्चा का नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद कई महिला कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि संगठन में लंबे समय से सक्रिय और मेहनत करने वाली कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर अपेक्षाकृत कम चर्चित चेहरे को जिम्मेदारी सौंप दी गई।
महिला मोर्चा से जुड़ी कुछ कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन में वर्षों से कार्य कर रही महिलाओं को इस निर्णय से निराशा हुई है। उनका आरोप है कि नियुक्ति प्रक्रिया में जमीनी कार्यकर्ताओं की राय को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया। हालांकि किसी भी पदाधिकारी ने खुलकर विरोध दर्ज नहीं कराया है, लेकिन अंदरूनी स्तर पर नाराजगी की चर्चाएं लगातार सामने आ रही हैं।
दूसरी ओर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने नई नियुक्ति का स्वागत करते हुए आतिमका सिंह को शुभकामनाएं दी हैं। समर्थकों का कहना है कि संगठन नेतृत्व ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही यह निर्णय लिया है और नई अध्यक्ष के नेतृत्व में महिला मोर्चा को मजबूती मिलेगी।
राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज है कि क्या यह नियुक्ति संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगी या फिर कार्यकर्ताओं की नाराजगी आने वाले समय में खुलकर सामने आएगी। फिलहाल भाजपा संगठन की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
