जबलपुर। संस्कारधानी में बुधवार का दिन अपराध, हादसों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों के नाम रहा। कहीं मुफ्त शराब नहीं मिलने पर फायरिंग हुई, तो कहीं साइबर ठगों ने लोगों के खातों से लाखों रुपये पार कर दिए। एक मासूम की करंट लगने से मौत हो गई, वहीं उधारी के पैसे मांगने पर हुए हमले में घायल युवक ने दम तोड़ दिया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से सामने आई घटनाओं ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
खारी कार्यक्रम में शराब को लेकर खूनी विवाद
कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम जटासी में खारी कार्यक्रम के दौरान शराब पीने से मना करने पर युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। हमले में चिन्नू बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी संजू बर्मन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मोबाइल हैक कर उड़ाए पौने तीन लाख
लार्डगंज थाना क्षेत्र में जीसीएफ कर्मचारी नितिन शाह के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैक कर 2 लाख 82 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार न तो कोई ओटीपी आया और न ही किसी लिंक पर क्लिक किया गया। पुलिस साइबर ठगों की तलाश में जुटी है।
एक मोबाइल नंबर बना परिवार की मुसीबत
सेवानिवृत्त पीडब्ल्यूडी कर्मचारी आनंद जायसवाल के मोबाइल नंबर से लिंक उनकी पत्नी और मां के खातों से साइबर अपराधियों ने 2 लाख 13 हजार 478 रुपये निकाल लिए। मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।
दोस्ती के नाम पर शोषण, विरोध पर बदनाम करने की धमकी
कुंडम क्षेत्र में दो बच्चों की मां ने एक युवक पर दोस्ती का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुफ्त शराब नहीं मिली तो सेल्समैन पर तानी पिस्टल
बरगी क्षेत्र की शराब दुकान में मुफ्त शराब देने से मना करने पर तीन आरोपियों ने सेल्समैन राजू यादव से मारपीट की और उस पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली नहीं लगी। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बिजली के करंट से 7 साल के मासूम की मौत
गौर चौकी अंतर्गत ग्राम कुडरिया में बिजली के खंभे के स्टे वायर में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से सात वर्षीय श्लोक कनौजिया की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
उधारी मांगने पर हमला, घायल दुकानदार की मौत
बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के पिपरिया कला गांव में उधार के पैसे मांगना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि चार लोगों ने घर में घुसकर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इलाज के दौरान इंदल घोसी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने थाने के सामने चक्काजाम कर पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए।
हाईवे पर दो भीषण हादसे, दो युवकों की मौत
गोसलपुर क्षेत्र में खड़े ट्रक से बाइक टकराने पर एक युवक की मौत हो गई जबकि दो घायल हैं। वहीं सिहोरा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से राकेश बर्मन की मौके पर ही मौत हो गई।
रेलवे स्टेशन पर बिगड़ी तबीयत, अज्ञात व्यक्ति की मौत
जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर एक बुजुर्ग व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। जीआरपी मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
हाईकोर्ट सख्त, एफसीआई अधिकारियों को नोटिस
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने लेबर कोर्ट के आदेश को विभागीय आदेश से बदलने की कोशिश करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने पर एफसीआई से जवाब मांगा है। कोर्ट ने तीन सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
आरटीओ आरक्षक सौरभ शर्मा की जमानत पर फैसला सुरक्षित
भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में जेल में बंद आरटीओ आरक्षक सौरभ शर्मा की 60 दिन की अस्थाई जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी होने के बाद हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।
