अब Vodafone Idea (Vi) यूज़र्स जल्द ही 5G का फ़ायदा उठा पाएँगे। कंपनी की योजना मार्च तक देश के 75 शहरों में 5G मोबाइल ब्रॉडबैंड सेवाएँ शुरू करने की है। खास बात यह है कि कंपनी अपने 5G प्लान की कीमत Jio और Airtel से 15 प्रतिशत तक कम रख सकती है। इसकी वजह से, इन दोनों कंपनियों को भी भविष्य में अपने टैरिफ प्लान सस्ते करने पड़ सकते हैं।
Vi की 5G सेवा कहाँ से शुरू होगी?
Vi सबसे पहले देश के 17 सर्किलों में आने वाले 75 बड़े शहरों में यह सेवा शुरू करेगी। कंपनी इन शहरों में उन इंडस्ट्रियल हब को टारगेट करेगी, जहाँ डेटा की खपत ज़्यादा है। ऐसी भी खबरें हैं कि Vi इसके लिए डीलर कमीशन बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। दूसरी कंपनियों के यूज़र्स को अपनी ओर खींचने के लिए कंपनी प्रमोशनल खर्च भी बढ़ा सकती है। Vi ने वित्त वर्ष 2023-24 में अपनी बिक्री का 8.4 प्रतिशत डीलर कमीशन पर खर्च किया। इसकी तुलना में, Jio 3 प्रतिशत और Airtel 4 प्रतिशत खर्च कर रही है।
Vi ने सस्ते प्लान का संकेत दिया
Vi के CEO अक्षय मुंद्रा ने कुछ समय पहले संकेत दिया था कि कंपनी के 5G रिचार्ज प्लान सस्ते हो सकते हैं और इस बारे में अंतिम फैसला लॉन्च की तारीख के करीब लिया जाएगा। हालाँकि, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले का Vi के रेवेन्यू पर बुरा असर पड़ सकता है। उनका मानना है कि कंपनी को पहले अपने घटते यूज़र बेस को रोकना चाहिए और फिर अपनी प्राइसिंग स्ट्रैटेजी के ज़रिए मुकाबला करना चाहिए।
Vi इन कंपनियों से 5G उपकरण खरीदेगी
Vi ने हाल ही में 5G नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के लिए Nokia, Ericsson और Samsung के साथ 3.6 अरब डॉलर की डील की है। कंपनी का लक्ष्य अगले 3 सालों में 75,000 5G साइट्स बनाना है।
