स्वास्थ्य अधिकारी पर भ्रष्टाचार के आरोप, सपा कार्यकर्ताओं ने मालवीय चौक पर फोड़ा मटका
जबलपुर। स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक निष्क्रियता के खिलाफ गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मालवीय चौक पर उग्र प्रदर्शन किया। सपा नेता आशीष के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य अधिकारी आदर्श विश्नोई पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क पर प्रतीकात्मक भ्रष्टाचार का मटका फोड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विभाग में चल रही अनियमितताओं को लेकर 10 दिन पहले ही जिला प्रशासन को शिकायत सौंपी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी अनदेखी से आक्रोशित होकर कार्यकर्ताओं ने मटके पर भ्रष्टाचार के आरोप लिखकर उसे बीच चौराहे पर फोड़ा और प्रशासन को जगाने का प्रयास किया। सपा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
