‘हिस्सा मिल चुका, अब पूरा मकान चाहिए!’ 68 वर्षीय बुजुर्ग पर बहू- पोते का हमला, CCTV ने खोली संपत्ति विवाद की परतें

जबलपुर। क्या शहर में अब बुजुर्गों की सबसे बड़ी दुश्मन उनकी अपनी ही संपत्ति बनती जा रही है? अधारताल क्षेत्र से सामने आए एक मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी ही बड़ी बहू, पोते और बहू के भाई पर मकान हड़पने की नीयत से घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बुजुर्ग महिला के साथ कथित मारपीट होती दिखाई दे रही है।

अधारताल निवासी मुन्नी बाई चक्रवर्ती बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाते हुए अपनी सुरक्षा की मांग की। उनका कहना है कि पति के निधन के बाद से संपत्ति को लेकर विवाद लगातार बढ़ता गया। उनका आरोप है कि बड़ी बहू कलावती चक्रवर्ती को पहले ही संपत्ति का हिस्सा दिया जा चुका है, लेकिन अब वह उस मकान पर भी कब्जा करना चाहती है, जिसमें वह स्वयं रह रही हैं। मकान अपने नाम करने से इनकार करने पर उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

पीड़िता के अनुसार, 6 जुलाई को कलावती चक्रवर्ती, पोता अभिषेक चक्रवर्ती, बहू का भाई प्रमोद चक्रवर्ती और कुछ अन्य लोग घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि पहले घर में तोड़फोड़ की गई और फिर तलवार व पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराने-धमकाने के साथ मारपीट की गई। उनका कहना है कि वह ब्लड प्रेशर और शुगर की मरीज हैं तथा घर में अकेली रहती हैं। ऐसे में उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पीड़िता का कहना है कि घटना के तुरंत बाद अधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्हें एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगानी पड़ी।

हालांकि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि अधारताल थाना पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।अब नजर इस बात पर है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कब तक निर्णायक कार्रवाई करती है और क्या एक बुजुर्ग महिला को समय रहते न्याय और सुरक्षा मिल पाएगी।

Share This Article
Translate »