जबलपुर। संस्कारधानी के घमापुर थाना क्षेत्र में जबरन धर्म परिवर्तन, धोखाधड़ी और मानव तस्करी का एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। एक पीड़ित युवती ने घमापुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने फेसबुक पर फर्जी नाम रखकर प्रेम जाल में फंसाने, ५ साल तक शारीरिक शोषण करने और बाद में मुंबई ले जाकर ५ लाख रुपये में एक होटल में बेचने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
‘अंकित’ बनकर की दोस्ती, ५ साल तक किया शोषण

कांचघर क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती के अनुसार, नवंबर २०२२ में फेसबुक के माध्यम से उसकी दोस्ती ‘अंकित’ नाम के एक युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर दोनों में नजदीकी बढ़ गई। आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार पांच वर्षों तक युवती का शारीरिक शोषण किया। बाद में पीड़िता को पता चला कि जिसे वह ‘अंकित’ समझ रही थी, उसका असली नाम नेक अली खान है।
मुंबई में जबरन धर्म परिवर्तन और गोमांस खिलाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, जून २०२६ में आरोपी नेक अली खान युवती को बहला-फुसलाकर कल्याण (मुंबई) ले गया। वहां एक मौलवी की मौजूदगी में डरा-धमकाकर उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसे जबरदस्ती गोमांस भी खिलाया गया और उसका मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया गया।
पिता के साथ मिलकर ५ लाख में होटल में बेचा
मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब आरोपी नेक अली खान ने अपने पिता शौकत खान के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पिता (जिसने हाल ही में एक मुजरा करने वाली महिला से निकाह किया है) और नेक अली ने मिलकर उसे मुंबई की ‘अमरनाथ होटल’ में ५ लाख रुपये में बेच दिया। होटल में बंधक बनाकर उसे दिन-रात प्रताड़ित और परेशान किया जाता रहा।
बमुश्किल जान बचाकर भागी पीड़िता, वकीलों के साथ पहुंची थाना
होटल के नरक से किसी तरह चकमा देकर पीड़ित युवती २३ जून २०२६ को जबलपुर भागने में सफल रही। जबलपुर पहुंचते ही उसने कानूनी मदद ली और अधिवक्ता उदित पिल्ले, नवीन श्रीवास्तव, देवेंद्र शर्मा, सतीश चौरसिया सहित अन्य वकीलों के साथ घमापुर थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने मुख्य आरोपी नेक अली खान, उसके माता-पिता और धर्म परिवर्तन कराने वाले मौलवी के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का बयान
इस पूरे संवेदनशील मामले को लेकर घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि युवती की ओर से एक गंभीर लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पूरी गहराई से और निष्पक्षता से जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
