जबलपुर। शहर के चौथे पुल स्थित एक कैफे में शनिवार को आयोजित होने वाले कथित “किटी पार्टी” और “लव पार्टी” कार्यक्रम को लेकर जमकर हंगामा हो गया। हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए कैफे पहुंचकर आयोजन पर आपत्ति जताई और इसे तत्काल बंद कराने की मांग की। विरोध के चलते कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही रोक दिया गया।
हिंदू धर्म सेना का आरोप है कि कार्यक्रम के माध्यम से छोटे बच्चों और युवाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था। संगठन के पदाधिकारियों ने इसे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए कैफे प्रबंधन के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कुछ समय तक कैफे परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और मौके पर गहमागहमी का माहौल देखा गया।
जानकारी के अनुसार चौथे पुल स्थित सेरेंडीपिटी कैफे में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। कार्यक्रम की जानकारी मिलने पर हिंदू धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत अपने समर्थकों के साथ कैफे पहुंचे और आयोजन को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं और बच्चों को गलत दिशा में ले जाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संगठन के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को निरस्त करने की मांग करते हुए कैफे प्रबंधन को चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजन न किए जाएं। विरोध बढ़ने के बाद कार्यक्रम को रोक दिया गया। हालांकि आयोजकों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिंदू धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत ने कहा कि संगठन सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी ऐसे आयोजन का विरोध करेगा, जो समाज में गलत संदेश देता हो। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे मामलों पर नजर रखने की बात कही।
मौके पर हिंदू धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत के साथ मुकेश रजक, अविनाश सुखदान, रोहित, सौरभ, भरत, परमदीप और अभय राजपूत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
