पनागर। छिंदवाड़ा से सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा मां शारदा के दर्शन के लिए निकाली गई पैदल झंडा यात्रा मंगलवार को पनागर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। 1 जुलाई को छिंदवाड़ा से शुरू हुई यह धार्मिक यात्रा मैहर धाम की ओर निरंतर आगे बढ़ रही है।
पनागर स्थित होटल शीशमहल में सांसद बंटी विवेक साहू एवं यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुकेश तिवारी, समाजसेवी वासु गौतम, बंटी ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और यात्रियों का उत्साहवर्धन किया।
यात्रा के दौरान भड़पुरा मंदिर में पदयात्रियों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने होटल शीशमहल में कुछ समय विश्राम किया। दोपहर करीब 3 बजे यात्रा पुनः प्रारंभ हुई और बंजारी माता मंदिर मार्ग से होते हुए गोसलपुर के लिए रवाना हुई, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा।
श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इस पैदल झंडा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हैं, जो मां शारदा के जयकारों के साथ मैहर धाम की ओर बढ़ रहे हैं।
