अवैध कॉलोनी काटने वाले बिल्डर अक्षय सतीश वैश्य पर मुकदमा दर्ज, बिना RERA के बेचे थे 151 प्लॉट!

कृषि भूमि पर बिना ले-आउट पास कराए बेच डाले 151 भूखंड, खरीदार परेशान
जबलपुर। पाटन तहसील के अंतर्गत अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यहाँ एक रसूखदार बिल्डर ने बिना किसी अनुमति और वैधानिक कागजातों के कृषि भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी का जाल बिछा दिया। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (T&CP), रेरा (RERA) और डायवर्शन के नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनाइजर ने 151 से अधिक भूखंड (प्लॉट) आम जनता को बेच डाले। इस महाफर्जीवाड़े से जहाँ एक तरफ सरकार को लाखों रुपये के राजस्व की चपत लगी है, वहीं दूसरी तरफ अपनी गाढ़ी कमाई फंसाने वाले खरीदार अब खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने लंबी जांच के बाद आरोपी कॉलोनाइजर के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।

1.5 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि पर बिछाया अवैध जाल
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, नौदरा ब्रिज, सेंट्रल प्लाजा निवासी अक्षय सतीश वैश्य ने पाटन तहसील के मौजा तिमरी में स्थित खसरा नंबर 51/2, 56/1, 56/2, और 57/3/2 की करीब 1.5 हेक्टेयर (लगभग 4 एकड़) से अधिक की कृषि भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनाइजर का खेल खेला। बिल्डर ने न तो शासन से अनिवार्य ‘कॉलोनाइजर पंजीकरण प्रमाणपत्र’ लिया और न ही शासन को देय अनिवार्य पंजीकरण शुल्क जमा किया, जिससे सरकार को भारी वित्तीय हानि हुई।

बिना रेरा और ले-आउट के बेच डाले 151 प्लॉट
जांच में सामने आया है कि कॉलोनाइजर ने सक्षम अधिकारियों से बिना कोई वैध ले-आउट (Layout) स्वीकृत कराए और बिना ‘रेरा’ (RERA) रजिस्ट्रेशन के ही इस पूरी कृषि भूमि को छोटे-छोटे 151 टुकड़ों (प्लॉट्स) में विभाजित कर दिया। इसके बाद भ्रामक विज्ञापन और झूठे वादे करके इन प्लॉटों की धड़ल्ले से खरीद-फरोख्त कर दी गई। अब जब खरीदारों को पता चल रहा है कि कॉलोनी पूरी तरह अवैध है और वहां न तो डायवर्शन हुआ है और न ही विकास कार्यों की अनुमति है, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई है।

लंबी जांच के बाद कॉलोनाइजर पर मुकदमा दर्ज
इस अवैध कॉलोनी के निर्माण और बिना अनुमति प्लॉटिंग को लेकर प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त लंबी जांच-पड़ताल के बाद आरोपों को सही पाया गया। पाटन थाना पुलिस ने आरोपी बिल्डर अक्षय सतीश वैश्य के खिलाफ मध्य प्रदेश नगर पालिका अधिनियम और धोखाधड़ी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Share This Article
Translate »