जबलपुर की घटती हवाई उड़ानों पर फेडरेशन का विरोध, इंडिगो से बंद फ्लाइटें फिर शुरू करने की मांग


भोपाल में इंडिगो के सेल्स हेड को सौंपा ज्ञापन, कहा—हवाई कनेक्टिविटी कमजोर होने से व्यापार, उद्योग और पर्यटन पर पड़ रहा असर

जबलपुर। जबलपुर से लगातार घटती हवाई सेवाओं को लेकर अब व्यापारिक संगठनों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इंडिगो एयरलाइन के शीर्ष प्रबंधन के नाम ज्ञापन सौंपकर जबलपुर की बंद और सीमित हो चुकी उड़ानों को तत्काल बहाल करने की मांग की है। यह ज्ञापन भोपाल में इंडिगो के मध्यप्रदेश सेल्स हेड कुंवर रावत को सौंपा गया, जो डायरेक्टर (सेल्स), ईस्ट एवं सेंट्रल इंडिया संजीव भट्टाचार्य के नाम प्रेषित किया गया।

फेडरेशन के अध्यक्ष एवं जबलपुर संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने कहा कि जबलपुर मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण संभागीय मुख्यालय होने के साथ-साथ औद्योगिक, शैक्षणिक, व्यापारिक और पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। इसके बावजूद शहर की हवाई कनेक्टिविटी लगातार कमजोर होती जा रही है, जिससे उद्योग, व्यापार और आम यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में जबलपुर से मुंबई और बेंगलुरु के लिए पहले प्रतिदिन उड़ानें संचालित होती थीं, लेकिन अब इन्हें सप्ताह में केवल चार दिन तक सीमित कर दिया गया है। इससे नियमित यात्रियों और व्यापारिक वर्ग में असंतोष बढ़ रहा है।

पहले कई शहरों से था सीधा संपर्क

फेडरेशन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि कुछ वर्ष पहले तक जबलपुर से अहमदाबाद, पुणे, कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रमुख महानगरों के लिए भी नियमित उड़ानें उपलब्ध थीं। वर्तमान में केवल दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु और इंदौर के लिए सीमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। इससे निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

एयरपोर्ट को क्षेत्रीय हब बनाने की मांग

ज्ञापन में इंडिगो एयरलाइन से बंद हो चुकी उड़ानों को पुनः शुरू करने और उड़ानों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई है। साथ ही प्रदेश सरकार से भी आग्रह किया गया है कि नई एयरलाइन कंपनियों को मध्यप्रदेश, विशेष रूप से जबलपुर में सेवाएं शुरू करने के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाएं लागू की जाएं तथा जबलपुर एयरपोर्ट को क्षेत्रीय एयर हब के रूप में विकसित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

फेडरेशन का कहना है कि यह केवल यात्रियों की सुविधा का मुद्दा नहीं, बल्कि जबलपुर के आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार और व्यापारिक संभावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। यदि समय रहते हवाई सेवाओं का विस्तार नहीं किया गया तो शहर की विकास गति प्रभावित हो सकती है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान फेडरेशन के संयुक्त अध्यक्ष विरेंद्र पोरवाल, प्रवीण आचार्य तथा डॉ. सुरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Translate »