जबलपुर। स्कूल शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर (शिक्षक) प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। 29 जून से 8 जुलाई तक आयोजित प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 101 शिक्षकों ने भाग लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने कहा कि शिक्षक स्वयं तनावमुक्त रहें और विद्यार्थियों को भी सकारात्मक सोच, तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना नहीं, बल्कि विद्यालयों में ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां विद्यार्थी शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक रूप से स्वस्थ रह सकें।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत कोठारी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, योग और नियमित व्यायाम बच्चों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। प्रशिक्षण के दौरान किशोर स्वास्थ्य, पोषण, नशामुक्ति, जीवन कौशल, तनाव प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
समापन अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कृष्णकांत शर्मा, निशांत श्रीवास्तव, बृजेश त्रिवेदी, प्रतिभा दुबे, माया सिंह, मनीषा सोनी, सुनील सोनी, विशाल विश्वकर्मा सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
