सागर। पूर्व गृहमंत्री एवं भूपेन्द्र सिंह ने अपने सागर स्थित कार्यालय में क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं गणमान्य नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान स्वागत की परंपरा को नई दिशा देते हुए समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने उनका अभिनंदन फूल-मालाओं के बजाय पेन, पानी की बोतल, टिफिन, कॉपी तथा अन्य स्टेशनरी एवं दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट कर किया।
इस अवसर पर भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि “स्वागत वही जो समाज के काम आए”। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सम्मान के नाम पर फूल-मालाओं पर होने वाला खर्च यदि उपयोगी वस्तुओं पर किया जाए तो उससे समाज के जरूरतमंद लोगों को वास्तविक लाभ पहुंचाया जा सकता है। यह परंपरा समाज में सकारात्मक सोच और सेवा की भावना को बढ़ावा देती है।
कार्यालय पहुंचे क्षेत्रवासियों ने विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े विषय भी उनके समक्ष रखे। भूपेन्द्र सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मौजूद लोगों ने भी इस अभिनव स्वागत शैली की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी ऐसी पहलें समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। फूल-मालाओं के स्थान पर उपयोगी सामग्री भेंट करने की यह परंपरा न केवल अनावश्यक खर्च को कम करेगी, बल्कि जरूरतमंदों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने का माध्यम भी बनेगी।
पूर्व गृहमंत्री की इस सोच को क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिल रहा है और लोगों ने इसे सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
