कब्जे और स्वामित्व को लेकर सड़क पर आमने-सामने आए पक्ष, पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
जबलपुर। मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित जेडीए की एक विवादित दुकान को लेकर गुरुवार देर रात जमकर हंगामा हो गया। दुकान के स्वामित्व और कब्जे को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने उस समय उग्र रूप ले लिया जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि सड़क पर ही धक्का-मुक्की, बहस और मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित जेडीए की दुकान को लेकर पहले से न्यायालय में मामला विचाराधीन है तथा इस संबंध में कोर्ट द्वारा स्टे आदेश भी जारी किया गया है। इसके बावजूद गुरुवार रात विवाद ने नया मोड़ ले लिया।
बीच सड़क पर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात के समय नितिन जैन अपने कुछ साथियों के साथ विवादित दुकान के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनके साथ एक जिलाबदर आरोपी भी मौजूद था। इसी दौरान दुकान संचालक वैभव वेशवानी और उनके समर्थकों के साथ कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते तीखी बहस और धक्का-मुक्की में बदल गई।
जान से मारने की धमकी का आरोप
दुकान संचालक वैभव वेशवानी ने आरोप लगाया है कि नितिन जैन और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। वैभव का कहना है कि उन्हें लगातार दबाव में लेने और डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नितिन जैन को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण वे न्यायालय के आदेशों की भी अनदेखी कर रहे हैं।
पुलिस की मौजूदगी में भी जारी रहे आरोप-प्रत्यारोप
घटना की सूचना मिलने पर रात करीब 11 बजे गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और क्षेत्र में एकत्र भीड़ को हटाकर स्थिति को सामान्य बनाया। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते रहे और विवादित संपत्ति पर अपना-अपना दावा पेश करते रहे।
दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित जेडीए की दुकान को लेकर वैभव वेशवानी और नितिन जैन के बीच स्वामित्व एवं कब्जे का विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है तथा संबंधित दस्तावेजों के साथ उन्हें थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार दस्तावेजों और तथ्यों के परीक्षण के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। वहीं विवादित दुकान को लेकर चल रहे कानूनी विवाद पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
