पुलिस की मौजूदगी में जला मुख्यमंत्री का पुतला, घंटाघर चौक पर महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में सड़क पर उतरी महिला कांग्रेस, पुलिस से हुई झड़प

जबलपुर। मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में गुरुवार को महिला कांग्रेस ने शहर के घंटाघर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। खास बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी और रोकने के प्रयासों के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला जलाने में सफल रहे।

महिला कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में घंटाघर चौक पर एकत्रित हुईं और नामांकन निरस्त किए जाने को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन का प्रयास किया गया, जिसे रोकने के लिए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला।

पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प

पुलिस ने पुतला दहन रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अपने निर्णय पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पुतला जब्त करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और हल्की झड़प की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछारों का भी इस्तेमाल किया, लेकिन प्रदर्शनकारी लगातार सरकार विरोधी नारे लगाते रहे और अंततः मुख्यमंत्री का पुतला जला दिया गया।

टला बड़ा हादसा

प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बताया जा रहा है कि पुतले में आग लगाए जाने के बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान हुई, जिससे पुतले का जलता हुआ हिस्सा महिला कांग्रेस की नेत्री प्रियंका सोनी की ओर गिरने लगा। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझा दी, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद महिला कांग्रेस की संयुक्त सचिव प्रियंका सोनी ने भाजपा सरकार पर महिला विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक अवसरों से वंचित किया जा रहा है और आरक्षण की भावना के विपरीत काम किया जा रहा है।

प्रियंका सोनी ने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन सुनियोजित तरीके से निरस्त किया गया है, ताकि उन्हें चुनावी प्रक्रिया से बाहर रखा जा सके। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।प्रदर्शन के बाद महिला कांग्रेस ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और नामांकन निरस्तीकरण की प्रक्रिया की समीक्षा की मांग की। वहीं, पुलिस ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी और स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।

Share This Article
Translate »