एसपी की सख्त क्लास:अब हर अपराधी होगा ट्रैक! एसपी ने पुलिस को दिए ‘ऑपरेशन क्लीन-अप’

जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले की अपराध समीक्षा बैठक लेकर लंबित गंभीर अपराधों, महिला संबंधी मामलों, साइबर फ्रॉड, फरार आरोपियों और गुमशुदा नाबालिगों के मामलों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, नकबजनी, एससी-एसटी एक्ट और महिला संबंधी अपराधों की विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गुम नाबालिगों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता

एसपी ने धारा 363 भादवि एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं के मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उनकी दस्तयाबी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। यदि किसी नाबालिग के जिले से बाहर होने की जानकारी मिले तो तत्काल विशेष टीम गठित कर उसे बरामद किया जाए।

महिला अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई

महिला संबंधी अपराधों पर विशेष जोर देते हुए एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी कर विवेचना शीघ्र पूरी की जाए और समय पर न्यायालय में चालान पेश किया जाए। महिला शिकायतों के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए गए।

साइबर फ्रॉड और फरार आरोपियों पर विशेष अभियान

बैठक में साइबर फ्रॉड, धोखाधड़ी तथा गंभीर अपराधों के फरार आरोपियों और वारंटियों की समीक्षा की गई। एसपी ने निर्देश दिए कि जिले से बाहर छिपे आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर रवाना किया जाए और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

CM हेल्पलाइन और जनसुनवाई शिकायतों का समय पर निराकरण

पुलिस अधीक्षक ने सीएम हेल्पलाइन, वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों तथा जनसुनवाई के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

ई-विवेचना को मिलेगा बढ़ावा, विवेचकों को बांटे गए टैब

बैठक में सीसीटीएनएस, ई-विवेचना, ई-साक्ष्य, ई-एफआईआर, ई-चालान और ई-समंस की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए टैब सभी विवेचकों को वितरित किए गए। एसपी ने बताया कि इन टैब के माध्यम से विवेचना डायरी, घटनास्थल का नक्शा, वीडियो, फोटो और अन्य डिजिटल साक्ष्य ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी होगी। बैठक के अंत में एसपी सम्पत उपाध्याय ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।

Share This Article
Translate »