हादसे में कोई जनहानि नहीं, पुलिस और नगर निगम की टीम ने पहुंचकर शुरू किया रेस्क्यू व सुरक्षा व्यवस्था
जबलपुर। शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र बड़े फुहारा में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ा दुकान की वर्षों पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर घबरा गए तथा क्षेत्र में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह इमारत राजा जैन की कपड़ा दुकान की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भवन अचानक ध्वस्त हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार फैल गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
प्रशासन द्वारा इमारत गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर भवन के काफी पुराने और जर्जर होने की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से आसपास की अन्य पुरानी इमारतों का भी निरीक्षण किए जाने की संभावना है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
