,
मुरैना जिले के किशनपुर गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति ने पहले पत्नी और अपने दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या की और इसके बाद रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे पत्नी के चरित्र पर शक और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर चल रहा विवाद कारण हो सकता है।
जानकारी के अनुसार घटना मुरैना जिला मुख्यालय से सटे किशनपुर गांव की है। 35 वर्षीय बलराम कुशवाह ने देर रात अपनी पत्नी 32 वर्षीय रविता कुशवाह, आठ वर्षीय बेटे आरव और छह वर्षीय बेटे देव की सोते समय कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार पत्नी ने बचने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उस पर लगातार वार किए। वारदात के बाद बलराम घर की दीवार फांदकर निकला और करीब छह किलोमीटर दूर शिकारपुर रेलवे फाटक के पास ट्रेन के आगे आकर अपनी जान दे दी। शनिवार सुबह जब दूध देने वाला घर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पड़ोस में रहने वाली महिला ने दीवार से झांककर देखा तो आंगन और खटिया पर तीनों के शव पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से खून से सनी कुल्हाड़ी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बलराम अपनी पत्नी के सोशल मीडिया इस्तेमाल और इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए वीडियो को लेकर लंबे समय से नाराज रहता था। कुछ दिन पहले गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान रविता का एक डांस वीडियो सामने आने के बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया था। इसी विवाद के चलते रविता मायके चली गई थी। परिजनों की समझाइश के बाद वह बच्चों के साथ वापस लौटी, लेकिन शुक्रवार रात फिर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और उसके बाद यह दर्दनाक वारदात हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। घर के बाहर सो रही बलराम की मां ने रोते हुए बताया कि वह रोज अंदर सोती थीं, लेकिन उसी रात बाहर सो गईं। कूलर की आवाज के कारण उन्हें किसी तरह की आहट नहीं मिली। सुबह बहू और पोतों के शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
