जबलपुर। जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का रविवार सुबह औपचारिक आगाज़ हो गया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने आज रविवार की सुबह रानी दुर्गावती चिकित्सालय एल्गिन अस्पताल पहुंचकर नवजात शिशुओं को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई और जिले में इस तीन दिवसीय महाअभियान का शुभारंभ किया।
3.89 लाख बच्चों को दवा पिलाने का महालक्ष्य
तीन दिनों तक चलने वाले इस राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जबलपुर जिले में पांच वर्ष तक की आयु के कुल 3 लाख 89 हजार 226 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनवाड़ी केंद्रों को पल्स पोलियो बूथ में तब्दील किया गया है।
हजारों वैक्सीनेटर और मोबाइल टीमें तैनात
अभियान के पहले दिन रविवार को जिले भर में व्यापक स्तर पर तैयारियां देखी गईं। बच्चों को दवा पिलाने के लिए पूरे जिले में 2 हजार 468 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 4 हजार 936 वैक्सीनेटर मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही, अभियान की कमान और सुचारू संचालन के लिए 363 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे, इसके लिए ईंट-भट्टों और हाई रिस्क (संवेदनशील) क्षेत्रों के लिए 30 मोबाइल टीमें तथा 106 ट्रांजिट टीमें मुस्तैद की गई हैं।
चलती ट्रेनों में भी पिलाई जा रही पोलियो की खुराक
अभियान की सबसे खास बात यह है कि रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों में सफर कर रहे बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए 40 विशेष दलों की ड्यूटी लगाई गई है। ये पल्स पोलियो वैक्सीनेटर दल जबलपुर से आने-जाने वाली सभी ट्रेनों में सवार होकर जिला सतना एवं नर्मदापुरम स्टेशन तक की यात्रा कर रहे हैं और सफर के दौरान 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रहे हैं।
छूटे हुए बच्चों के लिए दो दिन चलेगा ‘घर-घर’ दस्तक अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के पहले दिन रविवार पल्स को पोलियो बूथों पर आने वाले सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। वहीं, अभियान के दूसरे और तीसरे दिन सोमवार और मंगलवार स्वास्थ्य कर्मियों का दल पहले दिन दवा पीने से छूट गए बच्चों की तलाश में घर-घर जाकर दस्तक देगा और उन्हें पोलियो की खुराक सुनिश्चित कराएगा। कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाने की अपील की है।
