कल आनी थी बारात, आज उठ गई भाजपा’ की अर्थी: शादी से एक दिन पहले युवती ने दी जान”

शादी से एक दिन पहले युवती ने लगाई फांसी, परिवार में पसरा मातम

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी से महज एक दिन पहले एक युवती ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। युवती की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम कर्थुआ बहेरा निवासी भाजपा प्रजापति की शादी 19 जून को सरई थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ होने वाली थी। घर में विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था और परिवार शादी की खुशियों में डूबा हुआ था। इसी बीच गुरुवार को युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची चितरंगी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक युवती की शादी को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और किसी प्रकार की परेशानी सामने नहीं आई थी। ऐसे में युवती द्वारा यह कदम उठाए जाने से सभी लोग हैरान हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों, रिश्तेदारों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

इस दुखद घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। वहीं युवती के नाम को लेकर भी यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

Share This Article
Translate »