जबलपुर/थांदला। झाबुआ जिले के थांदला में एक मोबाइल व्यापारी के साथ ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। सस्ते दामों पर मोबाइल उपलब्ध कराने का झांसा देकर अज्ञात ठग ने व्यापारी से 2 लाख 52 हजार 680 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। रकम मिलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया और फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थांदला के जवाहर मार्ग स्थित गुरु मोबाइल के संचालक रवि गादिया को व्हाट्सऐप के माध्यम से एक व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपी ने स्वयं को “गेलेक्सी मोबाइल, उज्जैन” का व्यापारी बताते हुए कम कीमत पर 20 वीवो मोबाइल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया। मोबाइल व्यापार से जुड़े होने के कारण रवि गादिया ने आरोपी की बातों पर भरोसा कर लिया और सौदे के तहत बताए गए बैंक खाते में अलग-अलग किस्तों में कुल 2,52,680 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
राशि भेजने के बाद जब माल की डिलीवरी नहीं हुई और आरोपी का मोबाइल नंबर भी बंद मिलने लगा, तब व्यापारी को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने थांदला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि ठगी का सुराग जबलपुर से जुड़े होने की आशंका पर पीड़ित और उनके सहयोगी बुधवार को जबलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ितों ने पुलिस को उपलब्ध मोबाइल नंबर, बैंक लेनदेन और व्हाट्सऐप चैट की जानकारी भी सौंपी है।
पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
