जबलपुर, 16 जून। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जबलपुर द्वारा कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष सचिन रजक के नेतृत्व में प्रदेश सरकार एवं चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता रानीताल चौक से भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तभी पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक एवं धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को वाटर कैनन का प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया।
एनएसयूआई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन को निरस्त किया जाना केवल एक व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की भावना पर सीधा प्रहार है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, तो छात्र और युवा वर्ग प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने के लिए बाध्य होगा।
प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सचिन रजक,राष्ट्रीय सचिव करन तामसेतवार, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित मिश्रा,रिजवान अली,नीलेश माहर ,देवकी पटेल,अभिषेक पटेल ,राहुल रजक,मो एजाज ,अभिनव मिश्रा,आयुष पहाड़िया, राहिल पाण्डेय,पुष्पेन्द्र गौतम, आकाश सेन, सौरभ, यश ठाकुर, सुमित कुशवाहा, हिमांशु रजक, सहित भारी संख्या मे छात्र उपस्थित थे।
