जबलपुर । गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित राजू डुप्लेक्स के पास सोमवार दोपहर मर्डर और सुसाइड की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवक ने अपनी महिला बिजनेस पार्टनर की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके ठीक बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान शक्ति कोहली और दीपेश राठौर के रूप में हुई है, जिन्होंने कुछ समय पहले ही पार्टनरशिप में एक ब्यूटी पार्लर शुरू किया था।
रेप केस में जेल जा चुका था आरोपी, दूरी बनाने पर दी खौफनाक सजा
शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों में इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की चौंकाने वाली वजह सामने आई है। मृतका के जीजा शरद जाटव के अनुसार, दीपेश ने पहले फर्नीचर कारोबारी बनकर शक्ति को भरोसे में लिया और पार्लर का इंटीरियर चमकाने के बहाने पार्टनरशिप कर ली। पिछले ६-७ महीनों से दोनों लगातार बिजनेस के सिलसिले में मिल रहे थे, लेकिन जब शक्ति को पता चला कि दीपेश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह एक रेप केस में जेल भी जा चुका है, तो उसने दीपेश से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। इसी बात से बौखलाया दीपेश सोमवार दोपहर शक्ति के कमरे पर पहुँचा। दोनों के बीच तीखी बहस हुई और विवाद इतना बढ़ा कि दीपेश ने अपनी पिस्टल निकाली और शक्ति के सीने में गोली दाग दी।
फायरिंग की आवाज से दहला इलाका, मोबाइल खोलेंगे राज
कमरे से ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज सुनकर आस-पास के लोग सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब तक गोरखपुर थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुँचे, तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर एफएसएल टीम की मदद से मौके से हथियार और दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल और मोबाइल चैट की बारीकी से जांच की जा रही है, जिससे इस खूनी अंजाम की हर कड़ाई को स्पष्ट किया जा सके।
