भोपाल। मध्यप्रदेश शासन ने लोक निर्माण विभाग (PWD) में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो वरिष्ठ अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार श्री के.पी.एस. राणा, जो वर्तमान में प्रभारी प्रमुख अभियंता, मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग, भोपाल के पद पर कार्यरत थे, उन्हें तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी), भोपाल में प्रभारी प्रमुख अभियंता के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं श्री आर.एल. वर्मा, जो वर्तमान में लोक निर्माण विभाग के जबलपुर परिक्षेत्र में प्रभारी मुख्य अभियंता के रूप में सेवाएं दे रहे थे, उन्हें अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभारी प्रमुख अभियंता, मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग, भोपाल के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोनों अधिकारियों की यह पदस्थापना तत्काल प्रभाव से लागू होगी और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
◼ जबलपुर से भोपाल पहुंचे आर.एल. वर्मा
लोक निर्माण विभाग के जबलपुर परिक्षेत्र में प्रभारी मुख्य अभियंता के रूप में कार्यरत आर.एल. वर्मा को विभाग की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक सौंपी गई है। उनके पास प्रदेशभर में संचालित सड़क, भवन और अन्य निर्माण परियोजनाओं की निगरानी एवं प्रशासनिक समन्वय की अहम जिम्मेदारी रहेगी।
◼ सड़क विकास निगम की कमान संभालेंगे राणा
के.पी.एस. राणा को अब मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम में प्रभारी प्रमुख अभियंता की जिम्मेदारी दी गई है। एमपीआरडीसी प्रदेश में सड़क अधोसंरचना विकास की प्रमुख एजेंसी है, जहां राज्य की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का संचालन और क्रियान्वयन किया जाता है।
