बिलहरी में ‘पति, पत्नी और वो’ का ड्रामा, बीच सड़क पर हुआ हंगामा

जबलपुर। शहर के बिलहरी क्षेत्र स्थित डी-मार्ट के पास मंगलवार सुबह उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक पति ने अपनी पत्नी को उसके कथित दोस्त के साथ देख लिया। इसके बाद सड़क पर ही दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पत्नी अपने एक दोस्त के साथ क्षेत्र में घूम रही थी। इसी दौरान उसका पति वहां पहुंच गया। पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ देखकर पति नाराज हो गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर पति-पत्नी एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे और सड़क पर ही जमकर बहस होने लगी।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई भी हुई। मौके पर मौजूद पत्नी का दोस्त लगातार दोनों को शांत कराने की कोशिश करता रहा, लेकिन कुछ समय तक विवाद चलता रहा। इस दौरान पति-पत्नी एक-दूसरे पर नाराजगी जाहिर करते हुए अपशब्द भी कहते रहे।

घटना उस समय मुख्य सड़क पर हुई, जिससे वहां कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड करते रहे, जबकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास भी किया। देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लगा और क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद सड़क पर शुरू हुआ और कुछ देर बाद वहीं समाप्त भी हो गया। बाद में पति अपनी पत्नी को अपने साथ लेकर चला गया। घटना की कोई औपचारिक शिकायत पुलिस में दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

Share This Article
Translate »