मदन महल अंडरब्रिज में धधकी कार:रेलवे ट्रैक के नीचे मची अफरा-तफरी

जबलपुर। गुरुवार दोपहर मदन महल रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे अंडरब्रिज के नीचे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और काले धुएं का गुबार पूरे अंडरब्रिज में फैल गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कार से बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन जिस स्थान पर आग लगी उसके ठीक ऊपर रेलवे ट्रैक होने के कारण मामला बेहद संवेदनशील बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है। कार जैसे ही मदन महल रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंची, अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

रेलवे ट्रैक के नीचे आग… तुरंत हरकत में आया रेलवे प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चूंकि आग रेलवे ट्रैक के ठीक नीचे लगी थी, इसलिए रेलवे अधिकारियों ने भी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि कहीं आग या अत्यधिक तापमान का असर ट्रैक अथवा अन्य रेलवे संरचनाओं पर तो नहीं पड़ा।

चालक सुरक्षित, लेकिन सवाल बरकरार

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगते ही चालक तुरंत कार से बाहर निकल गया और बाद में मौके से चला गया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग शॉर्ट सर्किट, इंजन में तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से लगी।

जांच में जुटी पुलिस और दमकल विभाग

घटना की सूचना पर मदन महल थाना पुलिस, दमकल विभाग और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि तकनीकी खराबी सामने आती है तो वाहन की फोरेंसिक जांच भी कराई जा सकती है।

Share This Article
Translate »