4 बच्चों की मां अचानक गायब: ट्रेन में रहस्य: पिता के साथ सफर कर रही महिला अचानक हुई लापता

जबलपुर। अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही 19489 एक्सप्रेस में सफर कर रही एक विवाहित महिला के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला अपने पिता और चार बच्चों के साथ एसी कोच में यात्रा कर रही थी। सफर के दौरान अचानक उसके गायब होने से परिवार में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो कटनी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अंजलि यादव अपने पिता अशोक यादव और चार बच्चों के साथ अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही थीं। यात्रा के दौरान कुछ समय बाद जब उनके पिता की नजर सीट पर गई तो अंजलि वहां मौजूद नहीं थीं। उन्होंने पूरे कोच और ट्रेन में काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर घटना की सूचना जीआरपी को दी गई।

दमोह के आसपास मिली आखिरी लोकेशन

प्रारंभिक जांच में पुलिस को महिला की आखिरी लोकेशन दमोह रेलवे स्टेशन के आसपास मिलने की जानकारी मिली है। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। जीआरपी ने सबसे पहले मैहर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन वहां महिला का कोई सुराग नहीं मिला। अब सागर, दमोह सहित अन्य रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चूंकि महिला की अंतिम लोकेशन दमोह के आसपास सामने आई है, इसलिए आगे की जांच और कार्रवाई के लिए केस डायरी दमोह जीआरपी को भेजी जाएगी। विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पुलिस टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

रेल पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह कनेश ने बताया कि महिला के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला की तलाश के लिए जीआरपी की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज एवं यात्रियों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल महिला के अचानक लापता होने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही महिला के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

Share This Article
Translate »