पीएम श्री स्कूल में 38 पदों पर भर्ती, बिना परीक्षा सीधे इंटरव्यू से मिलेगा मौका

शिक्षक, स्पोर्ट्स कोच, लैब अटेंडेंट और मेट्रन सहित कई पदों पर निकली वैकेंसी, 24 जून को होगा वॉक-इन इंटरव्यू

भोपाल। सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पीएम श्री स्कूल योजना के अंतर्गत संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए नया नोटिफिकेशन जारी किया गया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 38 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि इस भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी और उम्मीदवारों का चयन सीधे वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा।

जारी अधिसूचना के अनुसार शिक्षक, स्पोर्ट्स कोच, योग प्रशिक्षक, लैब अटेंडेंट, जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट और मेट्रन सहित कई पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 24 जून 2026 को निर्धारित स्थान पर अपने मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।

इन पदों पर होगी भर्ती

भर्ती के तहत मल्टी स्किल फाउंडेशन टीचर का 1 पद, योग टीचर का 1 पद, एटीएल फैसिलिटेटर के 3 पद और एआई स्किल टीचर के 2 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 30 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।

इसके अलावा संगीत और नृत्य विशेषज्ञ के 3-3 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनके लिए 25 हजार रुपये मासिक मानदेय निर्धारित किया गया है।

खेल गतिविधियों के लिए 6 स्पोर्ट्स कोच की नियुक्ति होगी, जिन्हें 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। वहीं योग इंस्ट्रक्टर और महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षक के 3-3 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

सपोर्ट स्टाफ के अंतर्गत जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट का 1 पद, लैब अटेंडेंट के 2 पद और मेट्रन के 7 पद भरे जाएंगे।

योग्यता और आयु सीमा

मल्टी स्किल टीचर पद के लिए बीई डिग्री या संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र अनिवार्य है। एटीएल फैसिलिटेटर के लिए विज्ञान, इंजीनियरिंग या गणित विषय में स्नातक होना आवश्यक है। एआई या कंप्यूटर शिक्षक पद के लिए बीटेक कंप्यूटर साइंस अथवा पीजीडीसीए की योग्यता निर्धारित की गई है।

जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट पद के लिए 12वीं उत्तीर्ण होने के साथ हिंदी या अंग्रेजी टाइपिंग का ज्ञान जरूरी है। लैब अटेंडेंट के लिए विज्ञान विषय के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। मेट्रन पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है।

मेट्रन पद हेतु 35 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। विशेष रूप से विधवा, तलाकशुदा एवं एकल महिलाओं को वरीयता देने का प्रावधान रखा गया है।

आवेदन शुल्क नहीं, सीधे इंटरव्यू

भर्ती प्रक्रिया में किसी भी वर्ग के उम्मीदवारों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। उम्मीदवारों का चयन शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और इंटरव्यू प्रदर्शन के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा।

इंटरव्यू में क्या लेकर जाएं

उम्मीदवारों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, स्व-सत्यापित फोटोकॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो तथा वैध पहचान पत्र साथ लेकर पहुंचना होगा।

वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन जवाहर नवोदय विद्यालय, मुल्थान, जिला धार (मध्य प्रदेश) में 24 जून 2026 को किया जाएगा।

 

Share This Article
Translate »