डेढ़ माह में दूसरी बार धमकी, अज्ञात कॉलर बोला- “तुम जैसे लोगों को गोली मार देना चाहिए”
जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे हरेंद्रजीत सिंह बब्बू को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। लगातार दूसरी बार मिली धमकी के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोपी मोबाइल धारक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मदनमहल चौक, गमेश्वर क्षेत्र निवासी हरेंद्रजीत सिंह बब्बू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 8 जून 2026 की शाम करीब 7:09 बजे वह अपनी कार से गोरखपुर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कटंगा तिराहा के पास उनके मोबाइल नंबर 94251-52626 पर मोबाइल नंबर 9770542246 से कॉल आया।
बब्बू के अनुसार फोन करने वाले व्यक्ति ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कॉलर ने कथित तौर पर कहा कि “तुम जैसे आदमियों को गोली मार देना चाहिए” और इसके बाद फोन काट दिया।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
हरेंद्रजीत सिंह बब्बू ने अपने आवेदन में बताया कि लगभग डेढ़ माह पूर्व भी उन्हें इसी तरह जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में दर्ज कराई थी। अब दोबारा धमकी मिलने से उनकी चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि संबंधित मोबाइल नंबर धारक को वह न तो जानते हैं और न ही पहले कभी उससे कोई संपर्क रहा है।
सुरक्षा की मांग
पूर्व मंत्री ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मोबाइल नंबर 9770542246 के धारक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
पुलिस कर रही जांच
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल और संबंधित व्यक्ति की पहचान जुटाने में लगी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
