Lokayukta’s Trap: नामांतरण की फाइल पर ‘रिश्वत की मुहर’, 5 हजार लेते पटवारी लोकायुक्त के जाल में फंसा

जबलपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त जबलपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जमीन के नामांतरण (म्यूटेशन) के बदले 10 हजार रुपये की मांग करने वाले पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय ट्रैप कर लिया गया।

लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक संदीप कुमार, पिता बलराम सिंह, निवासी पड़रिया पोस्ट गजे, तहसील गोटेगांव जिला नरसिंहपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी माता ममता देवी ने 29 अप्रैल 2026 को ग्राम मुआर में लगभग 7 एकड़ भूमि खरीदी थी। उक्त भूमि के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित हल्का पटवारी घनश्याम गढ़वाल द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त जबलपुर ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी 10 हजार रुपये की मांग में से 5 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया।

प्राइवेट कार्यालय में लेते ही दबोचा गया

सोमवार  को लोकायुक्त टीम ने गोटेगांव स्थित महिंद्रा शोरूम के बगल में टीला क्षेत्र में संचालित पटवारी के निजी कार्यालय में कार्रवाई की। जैसे ही आवेदक ने आरोपी को 5 हजार रुपये की रिश्वत दी, पहले से तैनात लोकायुक्त दल ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान घनश्याम गढ़वाल (39 वर्ष), पटवारी हल्का नंबर-41, ग्राम मुरदई, तहसील गोटेगांव, जिला नरसिंहपुर के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से पंचमुखी हनुमान कॉलोनी, बरही जिला कटनी का निवासी बताया गया है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह ट्रैप कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में ट्रैप लेइंग ऑफिसर (TLO) निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक जितेंद्र यादव तथा लोकायुक्त जबलपुर की विशेष टीम शामिल रही।

Share This Article
Translate »