शादी का झांसा देकर रेप और ब्लैकमेल करने वाला शातिर अंतरराज्यीय ठग बेंगलुरु से गिरफ्तार

जबलपुर। मध्य प्रदेश की जबलपुर पुलिस ने नाम बदलकर युवतियों को प्रेम जाल में फंसाने, दुष्कर्म करने और फिर न्यूड फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रकम ऐंठने वाले एक बेहद शातिर अंतरराज्यीय जालसाज को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। आरोपी कभी राज, कभी दिव्यांशु तो कभी आदित्य बनकर शादी डॉट कॉम के जरिए लड़कियों से दोस्ती करता था। मूल रूप से बिहार के आरा जिले का रहने वाला यह आरोपी अलग-अलग सरकारी दस्तावेजों जैसे पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस में फर्जी नाम बदल-बदलकर उपयोग करता था। पुलिस पूछताछ में उसने अपना असली नाम ओमप्रकाश गुप्ता बताया है, जिसने जबलपुर के गढ़ा इलाके में ही रहकर 10वीं-12वीं की पढ़ाई की थी।

शादी डॉट कॉम पर की दोस्ती, फिर होटल में किया दुष्कर्म

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब मार्च 2026 में एक पीड़िता ने जबलपुर महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि शादी डॉट कॉम पर उसकी दोस्ती ‘आदित्‍य सिंह’ नाम के युवक से हुई थी, जिसने खुद को बिजनेसमैन बताया था। 14 मार्च को आरोपी जबलपुर आया और पीड़िता को शहर के एक होटल में बुलाकर शादी का झांसा देते हुए उसके साथ ज्यादती की। इसके बाद वह लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग होटलों में उसे ले गया। बाद में आरोपी ने पीड़िता को व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी कि उसके पास उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो हैं, जिन्हें वायरल न करने के एवज में उसने पैसों की मांग की। डरी हुई युवती ने बाद में अपने परिवार को इसकी जानकारी दी।

ट्रेन में भाई ने पकड़ा, फर्जी आईडी देकर पुलिस को छकाया

8 अप्रैल को जब आरोपी युवती से मिलने कटनी आ रहा था, तब महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन में सिहोरा स्टेशन के पास युवती के भाई और साथियों ने उसे जीआरपी की मदद से पकड़कर महिला थाना पुलिस के हवाले कर दिया था। हालांकि, उस समय आरोपी इतना शातिर निकला कि पुलिस को फर्जी आधार कार्ड और गलत मोबाइल नंबर देकर नोटिस पर छूट गया। इसके बाद 28 मई 2026 को पीड़िता ने दोबारा थाने पहुंचकर डर के कारण छिपाई गई दुष्कर्म की पूरी बात बताई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 69 और 319 (ज्यादती व धोखाधड़ी) का इजाफा कर आरोपी की तलाश तेज की।

​साइबर सेल की मदद से बेंगलुरु से दबोचा, पहले भी दर्ज हैं केस

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि साल 2022 में भी जबलपुर के गोराबाजार थाने में इस आरोपी के खिलाफ ‘दिव्यांशु सिंह’ बनकर एक अन्य लड़की से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज हो चुका है, जिसमें उसकी पत्नी रेनू सिंह भी सह-आरोपी थी। एसपी के निर्देश और सीएसपी आशीष जैन के नेतृत्व में महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा और साइबर सेल की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को बेंगलुरु से धर दबोचा। रविवार को पुलिस उसे जबलपुर लेकर आई है, जहाँ कोर्ट में पेश कर उसे रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने देश के अन्य राज्यों में भी कई युवतियों को अपना शिकार बनाया होगा, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

Share This Article
Translate »