जबलपुर। जबलपुर-दमोह मार्ग पर स्थित ग्राम झगरा में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कृषि दवा से भरा एक ट्रक सामने से आ रहे डंपर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक एक मकान के बेहद करीब जाकर रुका। गनीमत रही कि वाहन कुछ फीट पहले ही रुक गया, अन्यथा घर के भीतर सो रहे परिवार के कई सदस्य हादसे की चपेट में आ सकते थे।
जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक **RJ 11 GB 9595** आगरा से रायपुर की ओर जा रहा था। सुबह करीब 5 बजे जब ट्रक ग्राम झगरा पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक भारी वाहन को साइड देने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया। ट्रक सड़क से नीचे उतरकर सीधे मकान के सामने पलट गया।
घर के सामने पलटा ट्रक, दहशत में आए परिजन
मकान मालिक **श्यामलाल बर्मन** ने बताया कि उनका घर झगरा मेन रोड पर स्थित है। सुबह वे घर के बाहर टहल रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ ट्रक उनके मकान के सामने पलट गया। घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
श्यामलाल ने बताया कि यदि ट्रक कुछ और आगे बढ़ जाता तो सीधे मकान में घुस सकता था। उस समय घर के अंदर परिवार के कई सदस्य सो रहे थे। ऐसे में बड़ा हादसा हो सकता था।
चालक बाल-बाल बचा
हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित बच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में मदद की। ट्रक में कृषि दवाइयां भरी हुई थीं, जिसके कारण आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल रहा।
दो दिन में दूसरी दुर्घटना
गौरतलब है कि ग्राम झगरा में दो दिन पहले भी एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक होने और तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बेलखाडू पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी **अमित मिश्रा** ने बताया कि ट्रक आगरा से रायपुर जा रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। मामले की जांच की जा रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
