जबलपुर में 21 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन प्रस्तावित, तैयारियों में जुटा प्रशासन; स्कूली बच्चों को दिया जा रहा योग अभ्यास का टास्क

 

जबलपुर।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विशेष अवसर पर इस बार संस्कारधानी जबलपुर को एक बड़ी सौगात मिल सकती है। आगामी 21 जून को राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश की राष्ट्रपति महामहिम द्रौपदी मुर्मू का जबलपुर आगमन प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के संभावित दौरे की खबर के बाद से ही स्थानीय जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तैयारियों में जुट गया है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए बैठकों का दौर शुरू हो चुका है।

स्कूलों और शिक्षकों को मिले निर्देश, बच्चों का शामिल होना अनिवार्य
महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए शिक्षा विभाग भी पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए स्कूली बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। शहर के विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों और क्लास टीचर्स के ऑफिशियल व्हाट्सएप ग्रुपों में इस संबंध में विशेष संदेश भेजे जा रहे हैं।

शिक्षकों को भेजे गए संदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है:
“सभी कक्षा शिक्षकों से आग्रह है कि 21 जून को राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में महामहिम राष्ट्रपति जी का आगमन जबलपुर में हो रहा है। अतः सभी स्कूल के बच्चों को इस कार्यक्रम में भाग लेना निर्धारित (अनिवार्य) किया गया है।”

सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा विशेष योग अभ्यास
व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने स्कूल के छात्र-छात्राओं के ग्रुप में इस जानकारी को तत्काल फॉरवर्ड करें। बच्चों को योग दिवस के मुख्य आयोजन के लिए तैयार करने के उद्देश्य से स्कूलों में विशेष अभ्यास सत्र (Yoga Practice Sessions) आयोजित किए जा रहे हैं।सभी बच्चों को सुबह 6:30 बजे से 8:00 बजे तक अपने-अपने विद्यालय में योग अभ्यास के लिए अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मुख्य कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन हो सके।

प्रशासन के सामने सुरक्षा और गरिमापूर्ण आयोजन की चुनौती
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर गैरीसन ग्राउंड या शहर के अन्य बड़े मैदानों को मुख्य आयोजन स्थल के रूप में देखा जा रहा है। मानसून की आहट को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ डोम और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जा रहा है। 21 जून को होने वाले इस भव्य गरिमापूर्ण आयोजन में हजारों बच्चों के साथ-साथ शहर के गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी योग करते नजर आएंगे। आधिकारिक तौर पर मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जल्द ही जारी होने की उम्मीद है।

Share This Article
Translate »