साहिल पासी मौत मामला: परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जबलपुर। 22 वर्षीय साहिल पासी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने मंगलवार को जय महाकाल संघ अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया रामकृष्ण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि साहिल पासी 22 मई से लापता था और उसकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। उन्होंने पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए घमापुर एवं रांझी थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि मामले में अब तक उचित कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे उन्हें न्याय मिलने में देरी हो रही है।

ज्ञापन के माध्यम से परिजनों ने मांग की है कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए तथा प्रिया पासी, सुमायला और एक अज्ञात युवक से कड़ाई से पूछताछ की जाए। इसके साथ ही संबंधित लोगों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। परिजनों ने मामले में कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

जय महाकाल संघ अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कन्हैया रामकृष्ण तिवारी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने साहिल के शव को परिजनों को सूचना दिए बिना लावारिस मानकर दफना दिया, जो राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की गाइडलाइन का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की गंभीरता से जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान मृतक की मां निशा पासी, बहन अपूर्वा पासी सहित संगठन के नीलू सोनकर, राधा तिवारी, संजय ढींगरा, आशीष विश्वकर्मा, सोनू सतनामी, दीपक सिंह राजपूत, माया सिंह ठाकुर, नीलू स्वामी, किरण ठाकुर, संदीप झारिया, ओमकार पटेल, विकास भारद्वाज, राजकुमार यादव, संदीप यादव, आलोक शुक्ला, अमन सोनी, विकास सराठे, रोनी दुबे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Translate »